लखनऊ। तहसील मोहनलालगंज परिसर शुक्रवार को अचानक अफरातफरी का माहौल उस समय बन गया जब वकीलों के चैंबरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। देखते ही देखते कई चैंबरों में लगे पंखे, कूलर, इनवर्टर और महंगे प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए।जानकारी के अनुसार, एक चैंबर में अचानक जोरदार शार्ट-सर्किट हुआ। तेज धमाके के साथ तारें जल उठीं और आग की लपटें निकलने लगीं। इस दौरान वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, उपकरण और कागज-पत्र जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली सप्लाई में अचानक आए हाई वोल्टेज की वजह से लाइन फूंकी और पूरे परिसर के चैंबर प्रभावित हो गए। कई अधिवक्ताओं के कीमती पंखे, कूलर और प्रिंटर पूरी तरह खराब हो गए। वहीं कुछ चैंबरों में लगे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए।वकीलों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग समय रहते लाइन की जांच और मरम्मत नहीं करता, जिसके चलते आज इतनी बड़ी क्षति हुई। उनका कहना है कि विभाग को सभी अधिवक्ताओं को हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए।इस घटना के बाद तहसील परिसर में अधिवक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्यवाही और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
