मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में ज़मीन पर अवैध कब्ज़े की कोशिश का मामला सामने आया है। वादिनी गीता देवी ने थाना मोहनलालगंज में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी भूमि ग्राम नगर, मोहनलालगंज में स्थित है। उक्त भूमि पर उनका कब्जा है, जहाँ पर उन्होंने एक कमरा, बाउंड्री वाल और गेट बनवा रखा है तथा गेट पर ताला बंद है।पीड़िता का आरोप है कि बीते गुरुवार को संतोष यादव पुत्र रामचन्द्र यादव निवासी पुरसेनी, मोहनलालगंज एवं सियाराम रावत पुत्र राधेलाल निवासी नगर, मोहनलालगंज मौके पर पहुँचे और ज़बरन ताला तोड़कर कब्ज़ा करने का प्रयास करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता गीता देवी ने कहा मैं वर्षों से इस भूमि पर क़ब्ज़ा किए हूँ। उस पर कमरा और बाउंड्री दीवार भी बनी हुई है। आरोपितों ने जबरन ताला तोड़कर कब्ज़ा करने की कोशिश की। मैंने विरोध किया तो मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मेरी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की, जिसके लिए मैं धन्यवाद देती हूँ।पीड़िता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।मोहनलालगंज थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने बताया पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
