ग्रामीणों की भीड़ से गूंजा शिविर, निःशुल्क दवा वितरण से झलका उत्साह
लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के विशुनपुर गांव में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर एवं दवा वितरण कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। ग्रामीणों में इस शिविर को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं के साथ शिविर में पहुंचे और निःशुल्क दवा व उपचार का लाभ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अभिषेक पाल एवं नागेश अवस्थी ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में गौपूजन के साथ पशुपालक गोष्ठी भी आयोजित हुई, जिसमें ग्रामीणों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम और उचित देखभाल के तरीके बताए गए।आयोजक डॉ. राममूर्ति यादव ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से न केवल पशुपालक जागरूक होते हैं बल्कि पशुओं के समय पर उपचार से उनकी उत्पादकता भी बढ़ती है। उन्होंने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया।शिविर में डॉ. त्रिभुवन सिंह, डॉ. सुनील कुमार, अरविंद तिवारी, पंकज श्रीवास्तव, ज्योति गॉड सहित चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। वहीं, स्थानीय स्तर पर गौपालक अरविंद कुमार, प्रदीप, सुनील, हिमांशु, दयाशंकर, लवलेश, अरुण समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता की।ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविर समय-समय पर होने चाहिए ताकि पशुओं को बेहतर इलाज और देखभाल मिल सके।
