मोहनलालगंज।लखनऊ,विगत दिनों मोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र यश यादव ने ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद आत्महत्या कर ली थी। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी होने पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री अजय राय मृतक के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना प्रकट की।परिवार से भेंट के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज का युवा बेरोजगारी और जल्दी धन कमाने की लालसा के चलते ऑनलाइन गेमिंग के जाल में फंस रहा है। यह लत युवाओं को न केवल शिक्षा से भटका रही है बल्कि मानसिक तनाव, अवसाद और अंततः आत्महत्या जैसी भयावह परिस्थितियों तक पहुंचा रही है। श्री राय ने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व ही गोमती नगर, लखनऊ के छोटा भरवारा निवासी रवीन्द्र प्रताप सिंह के पुत्र सिद्धार्थ प्रताप सिंह ने भी ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण अपनी जान गंवा दी।अजय राय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र और राज्य सरकारें इस गंभीर समस्या पर कोई स्पष्ट नियमावली नहीं बना रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल और उससे जुड़े लोग स्वयं ऑनलाइन गेमिंग के व्यापार से लाभ कमा रहे हैं, इसलिए सरकार इस दिशा में कठोर कदम उठाने से बच रही है। परिणामस्वरूप युवाओं में जुआ, सट्टेबाजी जैसी आदतें पनप रही हैं जो समाज और देश दोनों के लिए बेहद खतरनाक हैं।उन्होंने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में सरकार से तत्काल प्रभाव से ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। राय ने कहा कि यह केवल एक सामाजिक मुद्दा ही नहीं बल्कि देश के लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ा हुआ प्रश्न है।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बब्लू, पीसीसी सदस्य अब्दुल्ला शेर खान, के.के. सिंह, कृपा शंकर शर्मा (पूर्व प्रधान), साधु यादव (पूर्व चेयरमैन, कोऑपरेटिव) सहित कई कांग्रेसी नेता और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
