मोहनलालगंज। लखनऊ,कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंगई और हैवानियत का मामला सामने आया है। गांव निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मंगलवार की सुबह वह शौच के लिए घर के पीछे स्थित प्लाटिंग में गई थी। तभी गांव का ही दबंग युवक टिंकल वहां पहुंच गया। महिला का आरोप है कि आरोपी नग्न होकर अश्लील इशारे करने लगा और उसके साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ करने के साथ ही गलत कृत्य करने का प्रयास करने लगा।पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। किसी तरह घर पहुंचकर महिला ने पति और अन्य परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता और उसके परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो वहां आरोपी के भाई राना और अन्य परिजनों ने अभद्रता की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इस पर सक्रिय हुई मोहनलालगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी टिंकल के विरुद्ध छेड़छाड़, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।घटना से गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी टिंकल पहले भी दबंगई और विवादित हरकतों के लिए कुख्यात रहा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई के अभाव में उसके हौसले बुलंद बने रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने पीड़िता को आश्वासन दिया है कि किसी भी हाल में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। महिला सुरक्षा और सम्मान को देखते हुए आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है।
