प्रथम दिन अत्याचारी कंस का जन्म व अत्याचार और गणेश कार्तिकेय संवाद का हुआ मनोहारी मंचन
मोहनलालगंज, लखनऊ।
मोहनलालगंज नगर पंचायत के मऊ कस्बे में श्री जय मां दुर्गे कृष्ण लीला समिति द्वारा आयोजित कृष्ण लीला मंचन का बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि डॉक्टर अजय पांडे सत्यम ने शुक्रवार की रात्रि फीता काटकर दीप प्रज्वलन के साथ मां दुर्गे की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर कृष्ण लीला समिति के आयोजकों द्वारा चेयरमैन प्रतिनिधि का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर अजय पांडे सत्यम् ने कहा कि श्री कृष्ण ने हमें सिखाया है कि दूसरों के प्रति दया और करुणा का भाव रखें क्योंकि करुणा और सहानुभूति समाज में मानवीय पक्ष को मजबूत करते हैं इसलिए हमें श्री कृष्ण भगवान के आदर्शों को आत्मसात कर अपना निष्काम कर्म करते रहना चाहिए लेकिन उसके परिणाम की चिंता नहीं करनी चाहिए ऐसा करने से व्यक्ति जहां चिंता से मुक्त रहता है वहीं अपना सर्वश्रेष्ठ भी दे पाता है। वहीं कृष्ण लीला समिति के डायरेक्टर राजेंद्र कुमार वैश्य ने बताया कि कृष्ण लीला मंचन के प्रथम दिन समिति के कलाकारों द्वारा श्री गणेश वंदना तथा श्री बालाजी महाराज की वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके साथ ही कृष्ण लीला के मंचन में मथुरा नरेश उग्रसेन के यहां पापी कंस का जन्म, कंस का अत्याचार और कंस का विवाह आदि का रोमांचकारी मंचन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विघ्नहर्ता श्री गणेश जी महाराज की प्रथम पूज्य लीला के अलावा गणेश और कार्तिकेय का मनोहारी संवाद तथा गणेश जी की लीलाओं का मंचन किया गया। जिसे देखकर पंडाल में बैठे श्रद्धालु भक्त रोमांचित हो उठे। इस खास मौके पर कृष्ण लीला के संस्थापक तुलसीराम लोधी, कृष्ण लीला समिति के सदस्य पंकज वैश्य, संजय वैश्य, प्राशू गुप्ता, शिवराज सिंह, करण धीमान, गिरजा शंकर, राकेश गुप्ता, राजन गुप्ता, शालू वैश्य, शैलेंद्र सोनी, मनीष तिवारी, त्रिलोकी यादव, अनुज पांडे, विपिन बिहारी वैश्य, सौरभ वेश्य तथा समाजसेवी श्रवण कुमार रचित समेत तमाम सहयोगीगण शामिल रहे।
