नगराम, लखनऊ।नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम असलम नगर में सरकारी भूमि पर लगे यूकेलिप्टस के लगभग 151 पेड़ अवैध रूप से काटकर बेच दिए गए। मामले में पर्यावरणीय क्षति और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की बात सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम असलम नगर की गाटा संख्या 343ख/0.341 हे0 नवीन परती व 343ख/0.929 हे0 भूमि पर वृक्षारोपण हेतु सुरक्षित सरकारी भूमि है। इस भूमि पर करीब 10 से 15 वर्ष पुराने यूकेलिप्टस के पेड़ लगे थे, जिनकी मोटाई लगभग 4 फीट और परिधि 6 फीट तक थी।आरोप है कि बीते 27 सितंबर को ग्राम असलम नगर निवासी रामकुमार पुत्र बिहारी ने चोरी-छिपे सरकारी पेड़ों को कटवा कर बेच दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ। बताया जाता है कि पेड़ों की अवैध कटाई से न केवल पर्यावरण को क्षति पहुंची, बल्कि सरकारी संरक्षित भूमि की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया।इस मामले में प्रार्थी सुनील कुमार निवासी अमवा मुर्तजापुर, थाना मोहनलालगंज ने नगराम थाने में तहरीर दी है। तहरीर में आरोपित रामकुमार पुत्र बिहारी एवं अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
