सरैया सलारपुर, अमेठी – ब्लॉक सिंहपुर के सरैया सलारपुर गांव की मुख्य PWD डामर रोड की स्थिति गंभीर रूप से खराब हो गई है। सड़क कई हिस्सों में टूट चुकी है और गड्ढों व गिट्टियों से भरी हुई है, जिससे रोजाना आवागमन में ग्रामीणों को भारी कठिनाई और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का गंभीर खतरा बना हुआ है।यह सड़क सरैया सलारपुर से जलाल दुबे पुरवा तक लगभग 1 किलोमीटर लंबी है, जो डिगिया, कोटवा, गोसाई के पुरवा, तिवारी का पुरवा, तकिया, मंझीटा और अकबर गंज जैसे कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। ग्रामीण प्रियांशु त्रिवेदी, शिवकुमार त्रिवेदी, सीताराम, जगदेव, रामप्रसाद, भारत, प्रताप और नरेश ने बताया कि लगभग छह महीने पहले सड़क की खराब स्थिति को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।चार महीने पहले संबंधित अधिकारियों ने सड़क पर गिट्टी डाली थी, लेकिन PWD विभाग द्वारा डामरीकरण का काम अब तक शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी बार-बार नई तारीखें बताते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती।ग्रामीणों ने बताया कि चार महीने पहले IGRS में शिकायत की गई थी। PWD अधिकारी हीरामणि पटेल ने OTP पूछकर कहा कि रोड बन जाएगा, लेकिन यह बस बहला-फुसलाकर आश्वासन देने जैसा था, और अब तक वास्तविक कार्यवाही नहीं हुई।इसके अलावा, ग्रामीणों ने 1 अक्टूबर को IGRS पर फिर से शिकायत और 1076 हेल्पलाइन पर भी शिकायत किया, ग्रामीणों और राहगीरों ने अनुरोध किया है कि PWD विभाग तुरंत सरैया सलारपुर डामर रोड का डामरीकरण कार्य शुरू करे, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुचारू रूप से हो सके।
