मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज नगर पंचायत के गौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय-2 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विद्या देवी द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बच्चों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापिका विद्या देवी ने दोनों महापुरुषों के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला और बच्चों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।विद्यालय परिसर से बच्चों, अध्यापकों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ प्रभात फेरी भी निकाली गई। इस दौरान बच्चों ने जोरदार नारे लगाए महात्मा गांधी अमर रहें,जय जवान, जय किसान,शांति और अहिंसा हमारा पथ,लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें।प्रभात फेरी के बाद विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने गांधी जी और शास्त्री जी पर भाषण दिए। कक्षा पाँच के छात्र आशीष ने कहा कि “गांधी जी ने हमें सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, आज हम सबको उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए।” वहीं छात्रा राधिका ने कहा कि “शास्त्री जी ने किसानों और जवानों की ताकत को पहचाना, हमें भी उनकी तरह सादगी और ईमानदारी से जीवन जीना चाहिए।” बच्चों के इन भाषणों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।अंत में बच्चों को खीर वितरित की गई और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर नगर पंचायत के सभासदों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांधी जी का सत्य-अहिंसा का मार्ग और शास्त्री जी का जय जवान, जय किसान का नारा आज भी देश के लिए प्रेरणा है। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को इतिहास और देश के महान नेताओं के विचारों को समझने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
