मोहनलालगंज, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी स्थित स्काई पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं बालिकाओं के अधिकार विषय पर जागरूक किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संदेश प्रसारित किया कि समाज में बालिकाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।कार्यक्रम में कृष्णा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, मोहनलालगंज की टीम अश्विनी शर्मा, निकिता शर्मा, शिखा, प्रणिता गौतम, जोया खान, हर्षिता, नेहा और अंशिका सिंह ने मासिक धर्म से जुड़ी जागरूकता प्रस्तुति दी। टीम ने छात्राओं को मासिक धर्म की परिभाषा, मासिक चक्र की प्रक्रिया, उससे जुड़ी समस्याएं, जटिलताएं, रोकथाम और स्वच्छता के आवश्यक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी और संवाद के माध्यम से विषय को सरल और रोचक बनाया गया।कार्यक्रम का संचालन भावना मैम,अर्चना मैम, दीप्ति मैम, प्राची मैम, साक्षी मैम और जितेंद्र सर के सहयोग से किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विशेष रूप से छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित प्रदर्शन सामग्री भी प्रदर्शित की गई।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक आदित्य सिंह यादव और प्रधानाचार्य राहुल शुक्ला ने नर्सिंग संस्थान की टीम का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि,ऐसी पहलें न केवल बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करती हैं। शिक्षा के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य ज्ञान समाज की सच्ची प्रगति का प्रतीक है।महिला अध्यापिकाओं ने भी छात्राओं के बीच अपने विचार साझा किए और उनसे जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापन दिया गया तथा नर्सिंग संस्थान की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
