वन विभाग की लापरवाही से लोगों में बढ़ा रोष, किसी बड़ी घटना का अंदेशा…..
मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मेगा स्टेट कॉलोनी में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बंदरों ने तीन मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, मेगा स्टेट कॉलोनी में रहने 4 वर्षीय वाले रेयांश 7 वर्षीय आहान और गुनगुन नाम के बच्चों पर अचानक बंदरों ने झपट्टा मार दिया और उन्हें नाखूनों व दाँतों से बुरी तरह घायल कर दिया। बच्चों के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया।कॉलोनी निवासियों ने बताया कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से बंदरों का झुंड आतंक मचाए हुए है। आए दिन लोग इनके हमले का शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों और बुजुर्गों को है, जिन्हें घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।लोगों ने इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी, लेकिन विभागीय जिम्मेदारों ने मामले से पल्ला झाड़ लिया। विभाग की इस लापरवाही से कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।कॉलोनी निवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाकर इन खूंखार बंदरों को पकड़ा जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
