मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी मार्ग पर अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर पीजीआई भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, हुंडई वेन्यू कार UP32 PY 5844 जिसका चालक सुशील यादव पुत्र श्रीपाल निवासी बिसरामऊ थाना बिहार, जनपद उन्नाव के रहने वाले अपनी कार से वह सिसेंडी की ओर से आ रहे थे तभी जबरैला की तरफ से आ रहे बाइक सवार ओम सिंह पुत्र श्रवण सिंह निवासी अतरौली थाना मोहनलालगंज जनपद लखनऊ की बाइक स्प्लेंडर प्लस UP32 NX 3983 से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ओम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे ट्रॉमा सेंटर पीजीआई भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक व वाहन को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।थाना प्रभारी डी के सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सिसेंडी मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
