लखनऊ। बुधवार को मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत करनपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान मदन मोहन सिंह और पंचायत सचिव शुभम मिश्रा की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 समेत विभिन्न सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा के सरल उपायों के बारे में भी बताया गया ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को समाज में सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में वे निडर होकर पुलिस और कानून की मदद लें।कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, ग्रामीण पुरुष, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छात्राएं शामिल हुईं। सभी ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों की सराहना करते हुए यह संकल्प लिया कि गांव में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।कार्यक्रम का समापन पुलिस अधिकारियों, ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से यह संदेश देकर किया गया कि “महिला सशक्त होगी तो समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।
