सिंहपुर अमेठी। जनपद में बिजली विभाग की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जहां उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कहीं अधिक यूनिट का बिल थमा दिया गया। इन्हौना पावर हाउस से जुड़े दो उपभोक्ता ग्राम पूरे जयलाल दुबे निवासी सत्रोहन पुत्र शिवबरन (खाता संख्या 5962823000, मीटर संख्या 9897912) और ग्राम सरैया सलारपुर निवासी रामप्रकाश पुत्र राजाराम (खाता संख्या 0477134000, मीटर संख्या 3359799)—काफी समय से बिजली बिल में गड़बड़ी से परेशान हैं।दोनों उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके मीटरों पर दर्ज यूनिट बहुत कम हैं, लेकिन ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम में अधिक यूनिट दिखाकर भारी राशि वसूली जा रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने अब तक कोई सुधार नहीं किया उपभोक्ताओं ने एसडीओ कार्यालय, जगदीशपुर में लिखित शिकायत दी है और साथ ही आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन विभागीय अधिकारी शिकायतों को नज़रअंदाज़ करते हुए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं।सत्रोहन और रामप्रकाश का कहना है कि वे नियमित रूप से बिल जमा करते हैं, फिर भी हर माह गलत यूनिट के कारण बिल बढ़ता जा रहा है। कई बार मीटर रीडिंग दिखाने के बावजूद बिलिंग सिस्टम में कोई सुधार नहीं किया गया।ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या सिर्फ कुछ उपभोक्ताओं की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में आम हो गई है। ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम की त्रुटियों और फील्ड कर्मचारियों की लापरवाही से आम उपभोक्ता आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।पीड़ित उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि सही यूनिट के आधार पर संशोधित बिल जारी किए जा सकें और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई हो।ग्रामीणों का आरोप — गलत बिल से बढ़ रहा आर्थिक बोझ, सुनवाई न होने पर करेंगे विरोध प्रदर्शन।
