रामपुर प्राथमिक विद्यालय में फिर चोरी दीवार काटकर उड़ाया साउंड सिस्टम, खेलकूद सामग्री व कागजात……
विगत महीनों में चौबीस बार हो चुकी है चोरी फिर भी निगोहां पुलिस मूकदर्शक……
निगोहां। लखनऊ।निगोहां थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। बीती रविवार की रात बेखौफ चोरों ने विद्यालय की दीवार काटकर अंदर घुसते हुए साउंड सिस्टम, बच्चों के खेलकूद का सामान, इको क्लब की सामग्री और स्कूल के जरूरी कागजात तक उड़ा ले गए। इस घटना ने एक बार फिर निगोहां पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।सोमवार सुबह जब प्रधानाध्यापक शिव सिंह विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय की टूटी दीवार और बिखरा सामान देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल निगोहां पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की औपचारिकता निभाई और लौट गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक कुछ नहीं हुआ।प्रधानाध्यापक शिव सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि उनके विद्यालय में अब तक 24 बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हर बार पुलिस ने खानापूर्ति कर मामला रफा-दफा कर दिया। न तो किसी चोरी का खुलासा हुआ, न किसी आरोपी की गिरफ्तारी। इससे साफ जाहिर है कि चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं और पुलिस कितनी लापरवाह गांव वालों का कहना है कि अगर निगोहां पुलिस ने पहले की चोरियों पर सख्त कार्रवाई की होती, तो आज ऐसी वारदात दोबारा न होती। स्थानीय लोगों में पुलिस की ढीली कार्यशैली और लापरवाह रवैये को लेकर भारी आक्रोश है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पुलिस कार्रवाई नहीं करती, तो वे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के साथ मिलकर थाने का घेराव करेंगे।अब देखना यह होगा कि निगोहां पुलिस कब जागेगी और स्कूल में लगातार हो रही चोरियों पर आखिर कब लगाम लगाएगी। वही निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया है कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुदकमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जायेगी।
