निगोहां। लखनऊ,भारत सरकार द्वारा युवाओं को पंचायत व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी देने और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से पंचायती राज मंत्रालय ने “मॉडल यूथ ग्राम सभा” की पहल शुरू की है। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में स्थानीय स्वशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें ग्राम विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है।इस योजना के तहत विकास खंड मोहनलालगंज की एकमात्र ग्राम पंचायत नटोली का चयन किया गया है। चयन के बाद नटोली ग्राम पंचायत के प्रधान सुष्पेंद्र सिंह नीरज ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यशाला में भाग लिया।कार्यशाला में देशभर की चयनित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, पंचायत अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायतों में युवाओं की भूमिका, डिजिटल नवाचार, पारदर्शिता, और पंचायत स्तर पर आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।लखनऊ जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि मोहनलालगंज विकास खंड की नटोली ग्राम पंचायत को इस योजना में इसलिए शामिल किया गया है क्योंकि यहां पंचायत के कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और डिजिटल व्यवस्था के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि कार्यशाला में पंचायती राज मंत्रालय द्वारा डिजिटल पंचायत, ई-गवर्नेंस, और ग्राम स्तर पर नवाचारों के सफल मॉडलों पर भी चर्चा की गई। साथ ही, ग्रामीण युवाओं को पंचायत के निर्णय-निर्माण और विकास योजनाओं की निगरानी में सक्रिय रूप से जोड़ने के उपाय सुझाए गए। ग्राम प्रधान ने नीरज सिंह ने बताया कि यह नटोली ग्राम पंचायत के लिए गौरव की बात है कि देशभर की चुनिंदा पंचायतों में से एक के रूप में उसका चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से मिले सुझावों और सीख को गांव के विकास में लागू कर पंचायत को एक आदर्श मॉडल ग्राम बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
