 
                निगोहां टोल प्लाजा पर आयोजित हुआ कार्यक्रम…..निगोहां। लखनऊ,कानून व्यवस्था और आम नागरिकों को न्यायिक सुधारों की जानकारी देने के उद्देश्य से नए आपराधिक कानूनों की जानकारी एवं जागरूकता अभियान 2.0 के तहत थाना निगोहां क्षेत्र स्थित टोल निगोहां पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन थाना प्रभारी अनुज तिवारी द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान काफ़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, राहगीर, और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अभियान के तहत मौजूद लोगों को तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने नए कानूनों में किए गए प्रमुख परिवर्तनों और उनके व्यावहारिक प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि ये नए कानून न्याय प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, त्वरित और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए लाए गए हैं।सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडेय ने लोगों से अपील की कि वे इन नए कानूनों की जानकारी प्राप्त करें और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद और समझ बढ़ने से ही कानून का सही क्रियान्वयन संभव है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने भी कानून व्यवस्था को लेकर अपने प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों ने सहज और सरल भाषा में समाधान किया। इस अवसर पर कस्बा इंचार्ज अनूप तिवारी, एसआई मनीष सहित स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

 
             
         
         
        