 
                मोहनलालगंज। लखनऊ।विकास खंड मोहनलालगंज के कनकहा गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का भव्य समापन शुक्रवार को हवन एवं ब्रह्मभोज भंडारे के साथ हुआ। पूरे सप्ताह गांव का वातावरण धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर रहा।मुख्य यजमान डॉ. गिरजा शंकर मिश्रा के संयोजन में आयोजित इस कथा का शुभारंभ 24 अक्टूबर को हुआ था। प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक कथा का आयोजन किया गया, जिसमें कथा व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन पूजा और गीता उपदेश जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।कथा समापन के उपरांत शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन एवं हवन सम्पन्न हुआ। इसके बाद ब्रह्मभोज भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और प्रसाद ग्रहण किया।श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा वातावरण “हरे राम, हरे कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन में ग्रामीणों ने श्रद्धा और सेवा भाव से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।मुख्य यजमान डॉ. गिरजा शंकर मिश्रा ने बताया कि इस कथा आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक एकता, संस्कार और सद्भावना का प्रसार करना था। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।भक्ति, उत्साह और श्रद्धा से ओतप्रोत यह आयोजन ग्राम कनकहा को एक सप्ताह तक आध्यात्मिक माहौल से सराबोर करता रहा।

 
             
         
         
        