तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को रौंदा, हालत नाजुक…..डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी……मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भागूखेड़ा चौकी अंतर्गत बुश कंपनी वेयरहाउस के सामने मंगलवार सायं करीब चार बजे एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहनलालगंज भिजवाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीसीएम संख्या यूपी 32 पीएन 8285 चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक संख्या यूपी 32 आरजे 3805 को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दिलीप पुत्र मैकूलाल, निवासी सिसेंडी, थाना मोहनलालगंज, जनपद लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन को सड़क के बीचों-बीच छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। पुलिस की मौजूदगी में मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही और यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया गया।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही फरार डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
