स्कूली बच्चों की जान पर भारी रफ्तार, कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश……
मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के
पचौरी–हुलासखेड़ा मार्ग पर इन दिनों मिट्टी ढोने वाले भारी डंपर बेख़ौफ़ रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस मार्ग से रोज़ाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और साइकिल सवार गुजरते हैं, लेकिन तेज रफ्तार डंपरों के कारण हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।गांव के लोगों के अनुसार, यह मार्ग सीसी सड़क है, जो भारी वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बावजूद दिन-रात भारी डंपरों की आवाजाही जारी है। कई बार डंपर इतनी तेज रफ्तार में निकलते हैं कि पैदल चलने वालों और साइकिल सवार बच्चों को सड़क किनारे खड़ा होकर जान बचाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। खासकर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय हालात और भी भयावह हो जाते हैं।इस गंभीर समस्या को लेकर मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल को शिकायती पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि भारी डंपरों की वजह से न सिर्फ सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है, बल्कि मासूम बच्चों की जान भी खतरे में है। अधिवक्ता मनोज कुमार यादव ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मजबूर होकर उन्होंने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि खनन की अनुमति देने से पहले संबंधित विभागों को मार्ग की स्थिति, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण करना चाहिए था, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही अब जनता पर भारी पड़ रही है।ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान डंपरों की आवाजाही पर पूर्ण रोक लगाई जाए, निर्धारित मार्ग तय किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले डंपर चालकों व खनन ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता, तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी किसकी होगी यह बड़ा सवाल है।क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन किसी अनहोनी से पहले ठोस कदम उठाता है या फिर हादसे का इंतजार किया जाएगा।
