मोहनलालगंज। लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गणेशखेड़ा, मऊ गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर आम के पेड़ से एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने आम के पेड़ पर एक व्यक्ति को लटका देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना मोहनलालगंज पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र छोटेलाल, निवासी गणेशखेड़ा, मऊ, मोहनलालगंज के रूप में की।पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पेड़ से उतरवाया और मृतक के भाई फूलचंद की मौजूदगी में निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पत्नी लक्ष्मी पिछले करीब छह माह से मायके में रह रही थी। मृतक के परिवार में एक बेटी चंदा और एक बेटा कौशल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर फैल गई।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
