सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया तहसील प्रशासन, रुकवाया अवैध निर्माण – – – –
लखनऊ । निगोहां क्षेत्र के लालपुर गाँव में सुरक्षित जमीन पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा हो रहे कब्जे का व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया पर वीडियो व मैसेज वायरल होने के बाद तहसील प्रशासन हरकत में आ गया। लालपुर गांव में खाद गड्ढे और देवस्थान की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम व पुलिस टीम की संयुक्त टीम बुधवार को मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कुछ लोगों द्वारा खाद गड्ढे व देवस्थान की भूमि पर कब्जा कर छोटी-छोटी दीवारें खड़ी करने तथा चौड़ा रास्ता बनाने का कार्य करते हुए पाया गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व टीम व पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाया और कब्जा कर रहे लोगों, जिनमें कुछ प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल बताए गए हैं, को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा इस भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण कार्य किया गया तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। लेखपाल अशोक वर्मा ने बताया कि मौके पर जांच में खाद गड्ढे और देवस्थान पर अवैध कब्जा पाया गया है। प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है, जिसके आधार पर संबंधित कब्जाधारकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस संबंध में मोहनलालगंज एसडीएम पवन पटेल ने कहा कि “सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जहां-जहां अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही हैं, वहां अभियान चलाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।-
