नगराम, लखनऊ। न्यायालय में लगातार पेश न होने वाले वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगराम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मोहनलालगंज एसीपी विकास पाण्डेय के निर्देशन में नगराम पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। नगराम पुलिस के अनुसार, न्यायालय से निर्गत गैर जमानती वारंट के क्रम में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच वारंटियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। जिसमें वारंटी आशीष कुमार यादव पुत्र राम सनेही यादव निवासी गौरिया खुर्द, नगराम, लखनऊ, दूसरे शालू पुत्र स्व. इमरान निवासी भंजाखेड़ा मजरा नवीनगर, नगराम, लखनऊ, तीसरे
करिया पुत्र सुखदेव निवासी भजाखेड़ा मजरा नवीनगर, नगराम लखनऊ, चौथे संजीत पुत्र रामसुंदर निवासी अमावां बुजुर्ग नगराम, लखनऊ, पांचवे देशराज पुत्र रामप्रसाद निवासी खरगापुर, मजरा अमवांमुर्तजा पुर नगराम, लखनऊ।
पुलिस के मुताबिक उक्त सभी वारंटियों के विरुद्ध नगराम थाना सहित अन्य थानों में आबकारी अधिनियम व आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं तथा लंबे समय से न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहे थे, जिसके चलते इनके विरुद्ध एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किए गए थे।थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि वारंटी एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई है। अभियान के तहत दबिश देकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
