निगोहां। लखनऊ।निगोहां के दखिना टोल प्लाजा के पास रविवार से दो दिवसीय स्व. बालकृष्ण द्विवेदी स्मारक पंचम राज्य स्तरीय महिला बॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला बॉलीबॉल खिलाड़ियों की आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजक संस्था अरुणाभ फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य मनी महेंद्र प्रताप सिंह एवं राज्य मंत्री दानिश अंसारी द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में यूपी पुलिस की महिला टीम के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, गाजियाबाद, दिल्ली, बनारस सहित अन्य राज्यों की टीमें भाग लेंगी।उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है और क्षेत्र में पहली बार महिलाओं की इतनी बड़ी बॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। प्रत्येक मैच तीन सेटों में खेला जाएगा, जिसमें 15-15 अथवा 25-25 अंकों के सेट निर्धारित किए गए हैं।प्रतियोगिता स्थल पर पिछले एक सप्ताह से मैदान को आकर्षक रूप से तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, कुर्सियां व सोफा सेट लगाए गए हैं। साथ ही रात्रिकालीन मैचों के लिए चारों ओर प्रकाश व्यवस्था की गई है, जिससे मैदान जगमगा उठा है।
आयोजकों के अनुसार कुछ अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकती हैं, जिससे खेल का स्तर और रोमांच बढ़ेगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं और खासकर बेटियों को खेल के प्रति प्रेरणा मिलेगी तथा महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्राप्त होगा।
