मोहनलालगंज। लखनऊ,स्काई पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, अनुशासन और खेल भावना के साथ किया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। रंग-बिरंगे हाउस झंडों, अनुशासित मार्च पास्ट और विद्यार्थियों के जोश से माहौल जीवंत हो उठा। इस अवसर पर ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मधुप मिश्रा प्रधानाचार्य, इंदिरापुरम तथा विद्यालय प्रबंधक आदित्य सिंह यादव मौजूद रहे। वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सारिका यादव ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत विद्यार्थियों द्वारा स्काउट क्लैप और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय कैप्टन शिवांश वर्मा, दिव्यांशी यादव, स्कूल डिसिप्लिन इंचार्ज ऋचा यादव एवं सभी हाउस दलों की भव्य मार्च पास्ट परेड से हुई। अनुशासित कदमताल और एकजुटता ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पी.टी. ड्रिल ने समां बांध दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में मध्यम वर्ग की छात्राओं के लिए 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, उच्च वर्ग के छात्रों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ तथा रिले रेस आयोजित की गई। छात्राओं के लिए भी रिले रेस कराई गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों ने भी पी.टी. प्रदर्शन व विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उच्च वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हाउस वाइज पिरामिड प्रदर्शन रहा, जिसने शक्ति, संतुलन और टीमवर्क का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए सैक रेस और फ्रॉग रेस जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।समापन अवसर पर प्रधानाचार्य राहुल शुक्ला एवं शांतिराज प्रधानाचार्य, मुख्य शाखा द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया गया।मुख्य अतिथि डॉ. मधुप मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। विद्यालय प्रबंधक आदित्य सिंह यादव ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।वार्षिक खेल दिवस ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना को और मजबूत किया। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी गर्व का विषय बना।
