मोहनलालगंज। लखनऊ,भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय किसान क्रांति पदयात्रा का मंगलवार को पीजीआई स्थित वृंदावन योजना मैदान में विशाल किसान महापंचायत के साथ भव्य समापन हुआ। महापंचायत में हजारों की संख्या में महिला व पुरुष किसानों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी श्री ऋषि मिश्रा के नेतृत्व में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।किसानों ने पीजीआई थाना प्रभारी श्री धीरेन्द्र सिंह को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में किसानों के साथ हो रहे उत्पीड़न, भूमि विवाद, अवैध कब्जों एवं पुलिस स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। इसके साथ ही सरोजनीनगर तहसीलदार को भी किसानों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर ज्ञापन दिया गया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि किसानों की समस्याएं हर कीमत पर सुलझाई जाएं, अन्यथा किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।मौके पर पहुंचे सक्षम अधिकारियों ने किसानों की मांगों को गंभीरता से सुना और काफी समय से लंबित समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर समाधान अथवा निस्तारण करने का आश्वासन दिया।महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके सम्मान व अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की जायज मांगों की अनदेखी हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।प्रदेश प्रभारी श्री ऋषि मिश्रा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों को न्याय दिलाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्व प्रशासन, पुलिस प्रशासन अथवा अन्य विभागों से जुड़ी किसी भी समस्या में किसान संगठन हर स्तर पर किसानों के साथ खड़ा रहेगा।महापंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में यह प्रण लिया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होती है तो वे प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा के नेतृत्व में संगठित होकर संघर्ष करेंगे।कार्यक्रम के अंत में संगठन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किसानों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए लगातार जागरूक रहने की अपील की। महापंचायत का आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
