नगराम। लखनऊ।नगराम क्षेत्र के बहरौली स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को छात्र-छात्राओं को कृमिनाशक गोलियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा द्वारा कुछ विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया।प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने इस अवसर पर बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस प्रत्येक वर्ष 10 फरवरी एवं 10 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर ढंग से हो सके। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण और कमजोरी का बड़ा कारण बनता है, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।विद्यालय प्रशासन द्वारा बच्चों को दवा के साथ-साथ स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व की जानकारी भी दी गई। बच्चों को हाथ धोने, साफ पानी पीने, खुले में शौच न करने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई, जिससे कृमि संक्रमण की रोकथाम की जा सके।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बताया कि कृमिनाशक दवा से बच्चों में खून की कमी दूर होती है, पोषण स्तर सुधरता है और ऊर्जा बढ़ती है। इससे बच्चों की एकाग्रता क्षमता और सीखने की गति में सुधार होता है, जिसका सीधा असर उनकी शैक्षिक प्रगति पर पड़ता है।इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
