मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी गांव में उधारी के पैसे मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के ही दो लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदार की दुकान पर चढ़ाई कर दी और जमकर मारपीट की, जिसमें दुकानदार का हाथ टूट गया, जबकि उसके बड़े भाई को भी गंभीर चोटें आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिसेंडी निवासी प्रांशू विश्वकर्मा पुत्र स्व. रमेश विश्वकर्मा अपने घर के पास सिसेंडी-भीलमपुर रोड पर पोस्ट ऑफिस के नजदीक किराने की दुकान चलाते हैं। पीड़ित के मुताबिक बीते सोमवार की सुबह करीब जैसे ही उन्होंने अपनी दुकान खोली, तभी गांव के ही लालजी और संतोष पुत्र स्व. हरीराम वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुकान में घुसकर प्रांशू और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिसमें प्रांशू का हाथ टूट गया, जबकि उसके बड़े भाई को भी गंभीर चोटें आई हैं।पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पहले दुकान से उधार सामान लिया था। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया।इस संबंध में बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
