मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज कस्बे में स्थित मंदिर परिसर से बाइक चोरी की घटना सामने आई है। बेटे का मुंडन संस्कार कराने आए युवक की बाइक अज्ञात चोरों ने पार कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कटरा बक्कास गांव निवासी अभिनंदन सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अपने पुत्र अर्थव का मुंडन संस्कार कराने के लिए मोहनलालगंज स्थित कालेबीर बाबा मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी काले रंग की बजाज पल्सर बाइक मंदिर परिसर के बाहर खड़ी कर दी और परिवार सहित अंदर चले गए।मिली जानकरी के मुताबिक कि मुंडन संस्कार के बाद जब वह करीब 4 बजे वापस लौटे और घर जाने के लिए बाइक लेने पहुंचे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। पहले उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने तत्काल कस्बा चौकी पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।पीड़ित का कहना है कि मंदिर परिसर में अक्सर भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में चौकी इंचार्ज अतुल सिंह ने बताया कि बाइक चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
मंदिर परिसर में दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
