मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज। कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भागूखेड़ा-सिसेंडी रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये कीमत के सोलर पैनल और बैटरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के मुताबिक पीड़ित ओमप्रकाश पुत्र रामलाल निवासी रजनी खण्ड, शारदा नगर योजना, रायबरेली रोड थाना आसियाना लखनऊ ने भागूखेड़ा सिसेंडी रोड पर अपना मकान बनवा रखा है। मकान का निर्माण कार्य अभी चल रहा है और कुछ फिनिशिंग का काम बाकी है। पीड़ित के अनुसार रोज की तरह वह दिनभर मजदूरों से काम कराने के बाद मकान के मुख्य दरवाजे, बाहर लगे मेन गेट तथा सेंटर लॉक बंद कर अपने घर वापस चले गए थे।पीड़ित ने बताया कि बीते सात मई की रात अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने पहले मेन गेट का ताला, सेंटर लॉक और अंदर लगे लोहे के गेट का ताला तोड़ा, इसके बाद मकान में लगे सोलर पैनल और बैटरी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी अगले दिन की सुबह तब हुई जब फर्नीचर का काम करने पहुंचे मजदूरों ने गेट के टूटे ताले देखे। इसके बाद पीड़ित को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पीड़ित मौके पर पहुंचा और चोरी की घटना देखकर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि चोर बड़ी सफाई से सोलर पैनल और बैटरी खोलकर ले गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। वही ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।वहीं मामले में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर मामले की जांच की जा रही है। और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
