मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायभानखेड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचे पति को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायभानखेड़ा निवासी धीरज पुत्र स्वर्गीय शीतल के मुताबिक वह गांव के बाहर भैंस चराने गया था। इसी दौरान उसका भतीजा रामदेव दौड़ता हुआ पहुंचा और बताया कि घर के पास उसकी पत्नी मुन्नी के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही धीरज तत्काल घर पहुंचा तो देखा कि गांव के ही सर्वेश पुत्र राजेन्द्र, अमरेश पुत्र राजेन्द्र और राजेन्द्र पुत्र स्वर्गीय शीतल उसकी पत्नी को लाठी-डंडों से पीट रहे थे।पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पत्नी को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। मारपीट में मुन्नी को गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद परिजनों ने घायल महिला का उपचार कराया।पीड़ित धीरज का आरोप है कि जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी भी देते गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
