मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसा करने वाले वाहन की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि लखनऊ-रायबरेली रोड पर बिन्दोवा कट और गौरा पेट्रोल पंप के बीच किसी अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह और कांस्टेबल किशन जायसवाल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसा करने वाले वाहन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
