मोहनलालगंज।लखनऊ, जनपद प्रयागराज निवासी एक युवक ने मोहनलालगंज क्षेत्र के एक प्रॉपर्टी डीलर पर प्लाट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो प्लाट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही उसका पैसा वापस किया गया। मामले में अब पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जनपद के नैनी थाना क्षेत्र के चक दाउदनगर निवासी रवि करण सिंह पुत्र स्वर्गीय रामलाल सिंह ने बताया कि उन्होंने मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में 256 वर्ग मीटर के दो प्लाट खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर शिव प्रताप सिंह पुत्र गंगा प्रसाद सिंह निवासी पटेल नगर, निलमथा, लखनऊ से संपर्क किया था।पीड़ित के मुताबिक बीते जनवरी 2024 में उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से 15 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। इसके अलावा 10 लाख रुपये नगद तथा 6 फरवरी 2024 को बाउंड्री निर्माण के लिए यूपीआई के जरिए 20 हजार रुपये भी दिए गए। इस प्रकार कुल 25 लाख 20 हजार रुपये प्रॉपर्टी डीलर को दिए गए।रवि करण सिंह का आरोप है कि भुगतान के बाद से आरोपी लगातार रजिस्ट्री कराने के नाम पर टालमटोल करता रहा। पिछले 23 महीनों से वह केवल तारीख पर तारीख देता रहा और कई बार चेक देकर भी गुमराह करता रहा। पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी फोन तक नहीं उठाता और उसका मोबाइल भी अधिकांश समय बंद रहता है। कभी-कभार स्वयं फोन ऑन कर बातचीत करता है, लेकिन न तो पैसा वापस कर रहा है और न ही प्लाट की रजिस्ट्री करा रहा है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्राप्त शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।पीड़ित ने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
