मोहनलालगंज। लखनऊ , मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा गांव में सोमवार की देर रात मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कुछ युवकों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा निवासी सुरेश कुमार रावत पुत्र स्वर्गीय मोहनलाल रावत के अनुसार उनका 19 वर्षीय पुत्र विशाल सोमवार की देर रात लखनऊ शहर से मजदूरी कर वापस घर लौट रहा था। आरोप है कि देर रात गांव में श्रवण रावत के घर के पास पहले से बैठे सनी रावत पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार रावत, दीपक कुमार पुत्र श्रवण रावत तथा उनके तीन-चार अज्ञात साथियों ने विशाल को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।पीड़ित के पिता का आरोप है कि आरोपियों ने विशाल को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
