मोहनलालगंज से रायबरेली तक पुलिस अलर्ट, बच्चियों की तलाश में गठित हुई विशेष टीम……
मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गनियार मजरा भौंदरी गांव से दो नाबालिग बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की नानी ने रिश्तेदारों पर दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और बच्चियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई।गनियार मजरा भौंदरी निवासी कमलेशा पत्नी मुरली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री धुन्नर की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद उनकी दोनों नातिनें कोमल 16 वर्ष व मोहनी 12 वर्ष उनके पास ही रह रही थीं। आरोप है कि उनकी रिश्तेदार शिवानी पुत्री अमरेश निवासी बरवारीपुर थाना मिल एरिया जनपद रायबरेली तथा प्रिया पटेल पत्नी अनुराग यादव निवासी भदोखर राही रायबरेली, जो वर्तमान में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी थाना मिल एरिया रायबरेली में रह रही है, दोनों बच्चियों को अपने साथ कहीं लेकर चली गई हैं।परिजनों के मुताबिक बच्चियों के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस से शिकायत की गई। पीड़िता ने आशंका जताई है कि बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने अपहृत बालिकाओं की तलाश शुरू कर दिया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सर्विलांस की मदद से भी जांच में जुटी हुई है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चियों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
