मात्र छह माह के कार्यकाल में जनता के दिलों में बनाई खास जगह, फरियादियों की समस्याओं का करते थे तत्काल निस्तारण……..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज सर्किल में अपनी सख्त कार्यशैली, त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई को लेकर अलग पहचान बना चुके एसीपी विकास पांडेय के बीकेटी सर्किल स्थानांतरण की खबर सामने आते ही क्षेत्र में मायूसी का माहौल देखने को मिला। आमजन, वादकारियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने उनके कार्यकाल को बेहद सराहनीय बताते हुए कहा कि मात्र छह माह के अंदर उन्होंने जनता के दिलों में खास जगह बना ली थी।एसीपी विकास पांडेय ने बहुत कम समय में प्रभावशाली कार्यकाल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अपराधियों में पुलिस का भय कायम किया। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की गई, जिससे आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करने लगे थे।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एसीपी विकास पांडेय उन अधिकारियों में शामिल रहे जो केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने में विश्वास रखते थे। थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और तत्काल संबंधित थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज को निर्देश देकर निस्तारण कराना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा था।
सोशल मीडिया पर यदि पुलिस से जुड़ी कोई शिकायत सामने आती थी तो वह तत्काल संज्ञान लेते थे। कई मामलों में उन्होंने संबंधित दारोगा व पुलिसकर्मियों को बुलाकर मौके पर ही समस्या का समाधान कराया। यही वजह रही कि आमजन के बीच उनकी छवि एक संवेदनशील और सक्रिय पुलिस अधिकारी के रूप में बनी।छह माह के कार्यकाल में एसीपी विकास पांडेय ने जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य किया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनकी कार्यशैली ने पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत किया और लोगों का भरोसा पुलिस प्रशासन पर बढ़ा।बीकेटी सर्किल स्थानांतरण के उपरांत आयोजित विदाई समारोह में क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। मोहनलालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. अजय पाण्डेय, सत्यम स्टार पैथालॉजी के संचालक सतेंद्र मिश्रा, निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, पत्रकार शिवा मिश्रा, अधिवक्ता ऋषि द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने फूल-माला पहनाकर एसीपी विकास पांडेय का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विदाई समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि “कम समय में जिस तरह एसीपी विकास पांडेय ने जनता का विश्वास जीता, वह बेहद सराहनीय है। उनका कार्यकाल मोहनलालगंज सर्किल में लंबे समय तक याद किया जाएगा।
