कांटे की टक्कर में धनेश पांडे को एक मत से मिली हार, अन्य पदों पर भी हुआ रोमांचक मुकाबला…..
मोहनलालगंज। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मोहनलालगंज इकाई के चुनाव मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय मोहनलालगंज परिसर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव को लेकर शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान स्थल पर शिक्षकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मतदान समाप्त होने के बाद हुई मतगणना में कई पदों पर बेहद कांटे का मुकाबला देखने को मिला।अध्यक्ष पद के चुनाव में राम शंकर शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 221 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं उनके प्रतिद्वंदी धनेश पांडे को 220 मत मिले और वह मात्र एक मत से चुनाव हार गए। अध्यक्ष पद पर हुए इस बेहद करीबी मुकाबले की चर्चा पूरे शिक्षक संगठन में होती रही।
मंत्री पद पर प्रेम शंकर को 220 मत प्राप्त हुए और उन्होंने जीत हासिल की। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विमल किशोर को 190 मत मिले।वहीं कोषाध्यक्ष पद पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सुनील कुमार ने 205 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि ब्रजेश कुमार को 204 मत मिले और उन्हें केवल एक मत से हार का सामना करना पड़ा।चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।नवनिर्वाचित अध्यक्ष राम शंकर शुक्ला ने कहा कि वह शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन में एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
