मोहनलालगंज, लखनऊ। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहनलालगंज पुलिस ने एक कुख्यात अभियुक्त के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की रिपोर्ट और न्यायालय के आदेश पर उ0प्र0 गुण्डा नियंत्रण अधिनियम-1970 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार अभियुक्त शारिख खान उर्फ सारिक पुत्र संजय खान उर्फ अब्दुल, निवासी ग्राम फतेहखेड़ा मजरा कनकहा थाना मोहनलालगंज, क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ दर्ज मामलों और गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। जिस पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने उ0प्र0 गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा-03 के तहत अभियुक्त को छह माह के लिए लखनऊ जनपद की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया है।आदेश के तहत अभियुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित अवधि तक लखनऊ जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि वह आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।मोहनलालगंज पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि, जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा और कानून का राज कायम रखने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था के लिए सकारात्मक पहल बताया है।
