मोहनलालगंज,लखनऊ।विकासखंड मोहनलालगंज क्षेत्र में उज्ज्वला योजना की एक वृद्ध विधवा लाभार्थी महिला ने इंडेन गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम भसण्डा निवासी सुबरातन ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद उनका सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचाया गया, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भेज दिया गया। पीड़ित महिला का कहना है कि एजेंसी द्वारा उनका सिलेंडर ब्लैक में बेच दिया गया।वृद्ध महिला ने बताया कि वह उज्ज्वला योजना की लाभार्थी हैं और घर में खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर पर ही निर्भर हैं। कई दिनों से गैस समाप्त होने के बाद भी नया सिलेंडर नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पवन पटेल ने जांच आपूर्ति निरीक्षक को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक स्तर पर अब एजेंसी की कार्यप्रणाली और गैस वितरण व्यवस्था की जांच की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों पर इस प्रकार की शिकायतें आए दिन सामने आती रहती हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी लंबे समय से जारी है। लोगों का कहना है कि गैस की किल्लत के बावजूद होटल और रेस्टोरेंटों में कभी काम बंद नहीं होता, जिससे सवाल उठता है कि आखिर उन्हें लगातार गैस सिलेंडर कहां से और कैसे मिल रहे हैं।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसियों में बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं दिया जाता, जबकि कई उपभोक्ताओं को बिना डिलीवरी के ही सिस्टम में सिलेंडर वितरित दिखा दिया जाता है। इससे वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ता लंबे समय तक इंतजार करने को मजबूर हैं।लोगों का यह भी कहना है कि गैस वितरण में तय सीरियल व्यवस्था का पालन नहीं किया जाता। सूची में ऊपर वाले उपभोक्ताओं को बार-बार सिलेंडर दिए जाने से नीचे के उपभोक्ता महीनों तक इंतजार करते रहते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आम उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है।अब देखना होगा कि प्रशासनिक जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
