पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी…….
निगोहां।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र में लगातार दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग गांवों में युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों ही मामलों में शराब की लत और पारिवारिक विवाद आत्महत्या की प्रमुख वजह के रूप में सामने आए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पहली घटना बीते शुक्रवार रात करीब 10 बजे रत्नापुर गांव की है। यहां 30 वर्षीय रवि कोरी पुत्र रामचरण ने घर के कमरे में छत की बल्ली से चादर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि रवि शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में पत्नी से विवाद करता था। काफी समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह चल रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रवि कमरे में चला गया और फांसी लगा ली।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मस्तीपुर में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव……
दूसरी घटना शनिवार शाम मस्तीपुर गांव में सामने आई। यहां अमरेश पुत्र चंद्रपाल, निवासी गुरुदीन खेड़ा मजरा कुंडौली थाना बछरावां जनपद रायबरेली ने बाग में पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी।अमरेश करीब 28 वर्ष का था और अपनी पत्नी अनुराधा, सात वर्षीय बेटी आस्था तथा बेटे विन्देश के साथ ससुराल मस्तीपुर में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह भी शराब का आदी था और पत्नी से अक्सर विवाद करता रहता था।स्थानीय लोगों के मुताबिक घरेलू कलह के चलते अमरेश कई दिनों से तनाव में था। बताया जा रहा है कि मृतक चार-पांच दिनों से घर भी नहीं आ रहा था। शराब और झगड़े से परेशान होकर उसकी पत्नी ने पहले ही निगोहां थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। शनिवार दोपहर करीब चार बजे वह घर के पीछे स्थित बाग में गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।
निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पारिवारिक विवाद और शराब की लत की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
