पीड़ित किसान ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत……
मोहनलालगंज। लखनऊ, नगराम थाना क्षेत्र के समेसी मजरा बिहारी लाल खेड़ा निवासी कुलदीप कुमार एडवोकेट ने खेत में खड़ी हरी चारे की फसल को जबरन ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने तथा विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ित किसान परिवार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित कुलदीप कुमार एडवोकेट के अनुसार उनके पिता राजबहादुर पिछले करीब 40 वर्षों से एक बंजर भूमि पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। आरोप है कि बीते रविवार की सुबह करीब बालकृष्ण, सुमन कुमारी व आलोक कुमार निवासी पैकौली पोस्ट परीवां थाना लोनी कटरा जनपद हैदरगढ़ तथा खुशीराम निवासी कलंदर खेड़ा थाना नगराम ने नाबालिग पुत्र दीपक से ट्रैक्टर संख्या UP32RL5083 चलवाकर खेत में खड़ी हरी चारे की फसल की जुताई कराकर उसे नष्ट करा दिया।पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच भी की, लेकिन कई दिनों तक किसान को थाने के चक्कर लगवाए जाते रहे और मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।पीड़ित किसान परिवार का आरोप है कि नगराम थाने में तैनात दारोगा चन्द्रशेखर कार्रवाई करने के बजाय सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं। किसान परिवार की मांग है कि आरोपितों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।कुलदीप कुमार ने बताया कि उनके परिवार द्वारा 10 से अधिक मवेशी पाले गए हैं, जिनके लिए चारे की फसल बोई गई थी। फसल नष्ट होने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कार्रवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015726058452 दर्ज कराई।
पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, ट्रैक्टर जब्त करने तथा हुए नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग की है। फिलहाल शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित दर्शाई जा रही है।
