भजनों और भगवान की लीलाओं से भक्तिमय हुआ माहौल, बाइस मई को होगा विशाल भंडारा……
मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज नगर पंचायत क्षेत्र के मऊ बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सात दिवसीय धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 15 मई को भव्य कलश यात्रा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ था। कलश यात्रा में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कथा के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है।कथा का वाचन प्रख्यात भागवताचार्य एवं ज्योतिषाचार्य पंडित विश्वनाथ तिवारी द्वारा किया जा रहा है। वह अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत महापुराण की विभिन्न कथाओं एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला, रासलीला और भक्तों के प्रति भगवान की कृपा का भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। संगीतमय भजनों और मधुर प्रवचनों से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठते हैं। कथा प्रतिदिन शाम सात बजे से रात्रि 11 बजे तक आयोजित की जा रही है।कथा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी श्रद्धा के साथ कथा में शामिल होकर भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं भी समिति द्वारा सुचारु रूप से कराई गई हैं।आयोजकों ने बताया कि कथा का विश्राम 21 मई को होगा। इसके उपरांत 22 मई को सुबह 10 बजे से पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारा प्रभु इच्छा तक चलता रहेगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।संयोजक मंडल में प्रमुख रूप से विवेक गुप्ता, आयुष गुप्ता, मनीष तिवारी, अनुज गुप्ता, संजय गुप्ता, राजा गुप्ता, प्रांशु गुप्ता, पवन गुप्ता सहित ग्रामवासी एवं सनातन प्रेमी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
