मोहनलालगंज। लखनऊ ,परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया। तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत मिलने की खबर मिलते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे। छुट्टियों की घोषणा होते ही बच्चों ने खुशी का इजहार करते हुए अपने बैग हवा में उछाले और उछल-कूद कर जमकर खुशी मनाई।क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गुमानी खेड़ा में भी छुट्टियों का उत्साह देखने लायक रहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार वर्मा ने जैसे ही बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की, वैसे ही बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विद्यालय परिसर तालियों और बच्चों की खुशियों से गूंज उठा।प्रधानाध्यापक अनिल कुमार वर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियां भले ही शुरू हो गई हों, लेकिन पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि विद्यालय की ओर से दिया गया गृह कार्य नियमित रूप से पूरा करें और अपनी सेहत का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि विद्यालय अब 15 जून को पुनः खुलेगा।इस दौरान कई बच्चों ने बताया कि वे छुट्टियों में नानी या मौसी के घर जाएंगे, लेकिन अपने साथ स्कूल बैग भी ले जाएंगे ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। बच्चों ने कहा कि छुट्टियों में मस्ती के साथ-साथ वे विद्यालय से मिला गृह कार्य भी पूरा करेंगे।वहीं प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की रसोइयों को भी जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में जो हरियाली विकसित की गई है, उसे छुट्टियों के दौरान भी बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर विद्यालय पहुंचकर पेड़-पौधों की सिंचाई करनी होगी ताकि पौधे सूखने न पाएं। इस पर रसोइयों ने भी अपनी सहमति जताई और विद्यालय की हरियाली को सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाया।
