प्रेम विवाह के तीन साल बाद रिश्तों में आई दरार, सास-ससुर की तलाश में जुटी पुलिस…….
निगोहां। लखनऊ , निगोहां थाना क्षेत्र के कांटा करौंदी गांव में दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर 29 वर्षीय विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पति भारतीय सेना में तैनात बताया जा रहा है, जबकि मामले में नामजद सास-ससुर अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।जानकारी के मुताबिक कांटा करौंदी गांव निवासी अमीषा यादव (29) पुत्री देशराज ने बीते शुक्रवार को अपने कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।मृतका के भाई धीरेन्द्र विक्रम राज सिंह ने 17 मई को निगोहां थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन अमीषा ने वर्ष 2022 में विक्रांत यादव से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही पति विक्रांत यादव, सास कविता और ससुर गजेन्द्र सिंह द्वारा दहेज की मांग को लेकर अमीषा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसे मायके में ही जिंदगी बिताने की धमकी दी जाती थी। लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर अमीषा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में पति विक्रांत यादव, सास कविता और ससुर गजेन्द्र सिंह निवासी शाहजहांपुर तिशोत्रा थाना बालैनी जनपद बागपत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी……..
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्रांत यादव वर्ष 2018 से भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में पुणे में तैनात था। वर्ष 2020-21 में उसकी अमीषा से वेबसाइट “Shaadi.com” के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिल्ली में मुलाकात के बाद वर्ष 2022 में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।हालांकि शादी के कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोपी के मुताबिक पारिवारिक विवाद और मतभेदों के चलते अमीषा पिछले करीब तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति विक्रांत यादव (28) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।एसओ निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में नामजद फरार सास-ससुर की तलाश जारी है। जल्द ही दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
