दो सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल पुलिस ने बरामद की लूटी गई बाइक,दो आरोपी फरार……..
निगोहां।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के लालपुर दखिना टावर के पास ड्यूटी से घर लौट रहे युवक से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के सेहगो पश्चिम निवासी अजीत सिंह मोहनलालगंज स्थित एलजी वेयरहाउस में कार्यरत है। रविवार भोर करीब 3:20 बजे ड्यूटी खत्म कर वह अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह निगोहां थाना क्षेत्र के लालपुर दखिना टावर के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक रुकवा ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और मोटरसाइकिल मोबाइल फोन व जेब में रखे 500 रुपये लूटकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर रायबरेली रूट तक करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में प्रयुक्त होंडा लीवो बाइक की पहचान की गई।रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निगोहां-नगराम मार्ग स्थित नहरिया के पास मीरकनगर जाने वाले रास्ते से आरोपी हरिओम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के पूरे लोकई का पुरवा गांव का निवासी है और पेंटिंग का काम करता है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी लवकुश यादव और पंकज तिवारी के साथ लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पेंटिंग का काम करता है। शनिवार रात तीनों आरोपी लखनऊ से रायबरेली जा रहे थे और रास्ते में किसी सुनसान स्थान पर लूट की योजना बना चुके थे। इसी दौरान उन्हें अकेले बाइक से जाता युवक दिखाई दिया, जिसका पीछा कर वारदात को अंजाम दिया गया।आरोपी ने यह भी बताया कि लूटी गई बाइक का इस्तेमाल आगे अन्य घटनाओं में करने की योजना थी ताकि पहचान छिपाई जा सके। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना का सफल खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
