Type
मोहनलालगंज के मिनी स्टेडियम के पास अचेत मिले पेंटर की मौत नशे की लत बनी वजह……मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मोहनलालगंज के मऊ गांव में स्थित मिनी स्टेडियम के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे उठाने का प्रयास किया। ग्रामीणों द्वारा पानी छिड़कने पर वह कुछ देर के लिए होश में आया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। बाद में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान मऊ गांव निवासी 48 वर्षीय मनोज शर्मा पुत्र स्वर्गीय किशोरी लाल शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पेशे से पेंटर था और लंबे समय से नशे का आदी था। मंगलवार को भी वह नशे की हालत में मिनी स्टेडियम के पास पड़ा मिला था। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक का बड़ा भाई अमित शर्मा मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे तत्काल सीएचसी मोहनलालगंज ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अत्यधिक नशे के सेवन से तबीयत बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है और उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस मामले की जानकारी में है।
