मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत भसंडा में मंगलवार को ग्राम प्रधान ललित शुक्ला की अध्यक्षता में खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में पंचायत सचिव श्रीमती प्रतिभा शर्मा, पंचायत सहायक अंकित सहित आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कर्मचारी, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा पंचायत सदस्य मौजूद रहे।बैठक में राज्य स्तरीय प्रशिक्षणकर्ता डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव एवं डॉ. निरंजन तिवारी, समाज कार्य विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षणकर्ताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बताया कि वर्तमान समय में ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ओएसआर के माध्यम से आय के स्रोत बढ़ाना बेहद आवश्यक है।डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर राजस्व बढ़ाया जा सकता है, जिससे गांव के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने पंचायत विकास की नौ प्रमुख थीमों के आधार पर योजनाओं को तैयार करने पर बल दिया।बैठक के दौरान ग्रामीणों एवं पंचायत सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। ग्राम धनवारा में बारात घर निर्माण, भसंडा गांव में अंत्येष्टि स्थल विकसित करने तथा पंचायत क्षेत्र में विभिन्न निजी समूहों द्वारा संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर ओएसआर शुल्क लगाए जाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।ग्रामीणों ने पंचायत विकास योजनाओं में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान ललित शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए सभी के सहयोग से बेहतर योजनाएं तैयार की जाएंगी और उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।
