निगोहा। लखनऊ।ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगल के अवसर पर निगोहा क्षेत्र के करनपुर गांव में मंगलवार को भक्ति और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में समाजसेवी केतार सिंह, सुनील सिंह एवं पिंकू सिंह के तत्वावधान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पूरे वातावरण में “जय बजरंगबली” और “संकट मोचन हनुमान की जय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी तथा शीतल शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर तक मंदिर परिसर और भंडारा स्थल पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल हुए।आयोजक केतार सिंह ने बताया कि बड़े मंगल पर भंडारा आयोजित करना उनके परिवार की वर्षों पुरानी परंपरा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और भूखे लोगों को भोजन कराना ही सच्ची सेवा है और हनुमान जी की कृपा से हर वर्ष यह आयोजन भव्य रूप से संपन्न होता है। वहीं सुनील सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से लगातार यह धार्मिक आयोजन कराया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
पिंकू सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।भंडारे की विशेष बात यह रही कि इसमें जाति-धर्म और वर्ग भेद से ऊपर उठकर सभी लोगों ने एक साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की व्यवस्था संभालने में गांव के युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, क्षेत्रीय बीडीसी सदस्य, समाजसेवी, पत्रकार तथा आसपास गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। देर शाम महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
