एक ही रात में दो वारदातों से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस व फील्ड यूनिट जांच में जुटी…….
नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के सलेमपुर अचाका गांव में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम के साथ जांच-पड़ताल शुरू कर दी।पहली घटना गांव निवासी अरविंद कुमार यादव के घर हुई। पीड़ित के अनुसार सोमवार रात वह परिवार के साथ घर के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे बड़े बक्से व अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली।पीड़ित अरविंद यादव ने बताया कि चोर उनकी पत्नी आशा देवी की करीब 10 ग्राम सोने की चेन, ढाई ग्राम की अंगूठी, 6 ग्राम का सोने का झाला, बेटी की 5 ग्राम की सोने की चेन, एक छोटी अंगूठी, सोने की बाली समेत लगभग ₹10 हजार की नगदी उठा ले गए। घटना की जानकारी होते ही उनके बेटे अनुराग ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं दूसरी चोरी की घटना गांव निवासी सचिन शर्मा पुत्र चंद्रिका प्रसाद के घर में हुई। पीड़ित द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। बताया गया कि चोरों ने तकिये के नीचे रखी अलमारी की चाबी निकाल ली और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखा कीमती सामान पार कर दिया।चोर घर से सोने की चेन, झुमकी, हार, टप्स, झाला, चांदी की पायल, हाफपेटी, हथफूल, सिक्के, अंगूठियां, बेंन समेत पीतल के बर्तन और करीब ₹17 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।लगातार हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस की सक्रियता कम होने का फायदा चोर उठा रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गांवों में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
