जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज बहरौली में छात्रों को दिए गए विशेष टिप्स, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित……
नगराम। लखनऊ। नगराम क्षेत्र के बहरौली स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में ग्रीष्मावकाश से पूर्व आयोजित प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई से जुड़े रहने, नई चीजें सीखने तथा योग को दिनचर्या में शामिल करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि गर्मी की छुट्टियां लंबी होती हैं, ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई से दूरी नहीं बनानी चाहिए। यदि लंबे समय तक पढ़ाई से अलग रहे तो कई महत्वपूर्ण विषय और पाठ्य सामग्री भूलने की संभावना रहती है। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से अपने विषयों की पुनरावृत्ति करने के साथ-साथ कहानी, किस्से और प्रेरणादायक पुस्तकें पढ़ने की सलाह दी। इसके अलावा बच्चों को वेस्ट मैटेरियल से उपयोगी घरेलू वस्तुएं बनाने, नए व्यंजन सीखने और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और नवाचार की ओर भी जागरूक करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान परियोजनाओं तथा इंस्पायर अवार्ड की तैयारी जैसे विषयों पर जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई तकनीकों की जानकारी विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।प्रधानाचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग एक प्रकार का निःशुल्क उपचार है, जिससे अनेक बीमारियां स्वतः दूर रहती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ सभी विद्यार्थियों को लेना चाहिए। विद्यालय में समय-समय पर योगाभ्यास भी कराया जाता है।उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति द्वारा मिनी स्टेडियम गंगागंज में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यालय के बच्चे प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को सुबह 5 बजे विद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। योग समिति की ओर से बच्चों को यूनिफॉर्म वितरित की जा चुकी है तथा जो छात्र उस दिन अनुपस्थित थे उन्हें बाद में सूचना देकर ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे समय रहते अपनी यूनिफॉर्म सिलवा सकें।ग्रीष्मावकाश से पूर्व विद्यालय के अंतिम कार्य दिवस पर जंग बहादुर वर्मा राम रानी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित कराई गई थी। 18 मई को हुए इस टेस्ट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा तथा शिक्षक शंभू दत्त और कल्लू राम द्वारा पुरस्कृत किया गया।प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने जंग बहादुर वर्मा राम रानी मेमोरियल ट्रस्ट को न्यूनतम एक लाख रुपये दान करने का संकल्प लिया है। इस राशि की फिक्स डिपॉजिट से प्राप्त ब्याज से प्रत्येक वर्ष मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने में सहायता मिल सके।कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं को बेसन के पकौड़े और मीठा नींबू शरबत वितरित किया गया। इस अवसर पर नागेश वर्मा, रवि वर्मा, शिक्षक शंभू दत्त, प्रधानाध्यापक गुमानी खेड़ा अनिल कुमार वर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन के अनुसार ग्रीष्मावकाश 21 मई से 30 जून तक रहेगा। इस दौरान “प्रोजेक्ट प्रवीण” के अंतर्गत सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 10:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
